नई दिल्ली, 24 जून 2026। अगर आप ऑफिस या घर में WhatsApp Web अथवा Desktop Version का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने एक ऐसे नए मैलवेयर अभियान का खुलासा किया है, जिसमें हैकर्स लोगों के भरोसे का फायदा उठाकर उनके कंप्यूटर और निजी जानकारी तक पहुंच बना रहे हैं।
साइबर सिक्योरिटी कंपनी Kaspersky की ग्लोबल रिसर्च एंड एनालिसिस टीम (GReAT) के अनुसार, हमलावर सीधे किसी अजनबी नंबर से फाइल नहीं भेज रहे हैं। इसके बजाय वे पहले किसी परिचित व्यक्ति का WhatsApp अकाउंट हैक करते हैं और फिर उसी अकाउंट से उसके संपर्कों को संक्रमित फाइलें भेजते हैं। परिचित व्यक्ति से फाइल आने के कारण अधिकांश लोग बिना जांच-पड़ताल किए उसे खोल देते हैं।
बिजनेस डॉक्यूमेंट बन रहे साइबर अपराधियों का हथियार
हैकर्स फर्जी इनवॉइस, बैंक स्टेटमेंट, पेमेंट रिकॉर्ड, अकाउंट रिपोर्ट और लोन नोटिस जैसी फाइलों का इस्तेमाल कर रहे हैं। फाइलों के नाम बिल्कुल असली दस्तावेजों की तरह दिखाई देते हैं, जिससे कर्मचारी और आम यूजर्स आसानी से झांसे में आ जाते हैं।
सुरक्षा शोधकर्ताओं के मुताबिक जैसे ही यूजर ऐसी फाइल खोलता है, बैकग्राउंड में एक विशेष स्क्रिप्ट सक्रिय हो जाती है। यह स्क्रिप्ट कंप्यूटर को बाहरी सर्वर से जोड़कर अतिरिक्त मालवेयर डाउनलोड करती है। कुछ ही मिनटों में हमलावर सिस्टम पर नियंत्रण हासिल कर सकते हैं और संवेदनशील डेटा तक पहुंच बना सकते हैं।
कंप्यूटर पर मिल सकता है हैकर्स को पूरा कंट्रोल
विशेषज्ञों का कहना है कि हमलावर Windows Script Host जैसी सुविधाओं का दुरुपयोग कर खतरनाक स्क्रिप्ट्स चलाते हैं। इससे कंप्यूटर में मौजूद फाइलें, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी और अन्य निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है। कई मामलों में साइबर अपराधी सिस्टम का रिमोट एक्सेस भी हासिल कर लेते हैं।
इन 7 फाइल एक्सटेंशन से रहें सावधान
साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने कुछ फाइल प्रकारों को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। यदि WhatsApp पर प्राप्त किसी फाइल के अंत में नीचे दिए गए एक्सटेंशन दिखाई दें, तो उसे खोलने से बचें—
-
.vbs
-
.vbe
-
.exe
-
.bat
-
.cmd
-
.js
-
.ps1
ये सभी ऐसे फाइल फॉर्मेट हैं जो कंप्यूटर पर सीधे स्क्रिप्ट या प्रोग्राम चला सकते हैं और मालवेयर इंस्टॉल करने के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
कई देशों में तेजी से फैल रहा खतरा
रिपोर्ट के अनुसार यह साइबर हमला दुनिया के कई देशों में देखा गया है। मलेशिया सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल है, जबकि सिंगापुर, ब्राजील, ताइवान, वियतनाम और यूरोप के कई हिस्सों में भी ऐसे मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है।
खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
-
किसी भी संदिग्ध फाइल को खोलने से पहले भेजने वाले से फोन कॉल पर पुष्टि करें।
-
WhatsApp पर आए अनजान अटैचमेंट्स से सावधान रहें।
-
Windows और Antivirus Software को हमेशा अपडेट रखें।
-
दो-स्तरीय सुरक्षा (Two-Factor Authentication) का उपयोग करें।
-
बैंकिंग या निजी जानकारी वाले सिस्टम में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। एक गलत क्लिक आपकी निजी जानकारी, बैंक खाते और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खतरे में डाल सकता है।