राजधानी चौपाल, एनसीआर। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (DNGIR) के तहत विकसित किए जा रहे नया नोएडा को जल्द ही बड़ी बुनियादी (NCR News) ढांचा सौगात मिलने जा रही है। प्रस्तावित 72 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से नया नोएडा की सीधी कनेक्टिविटी गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्थापित होगी। इससे क्षेत्र में निवेश, उद्योग और आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इसका बड़ा हिस्सा बुलंदशहर और नया नोएडा के आसपास के गांवों से होकर गुजरेगा। चूंकि नया नोएडा का विकास क्षेत्र गंगा एक्सप्रेसवे के निकट स्थित है, इसलिए यह परियोजना यहां के निवासियों और उद्योगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
NCR News : गांवों और सेक्टरों को मिलेगा सीधा लाभ
नया नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि लिंक एक्सप्रेसवे पर विशेष रोटरी (इंटरचेंज) विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे नया नोएडा के प्रस्तावित सेक्टरों और आसपास के अधिकांश गांवों को सीधे एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
रोटरी बनने के बाद क्षेत्र के लोगों के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। साथ ही उद्योगों और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
NCR News : नेटवर्क होगा और मजबूत
प्राधिकरण ने नया नोएडा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के आसपास जिन क्षेत्रों में सड़कें पहले से मौजूद हैं, वहां किसानों की सहमति से अतिरिक्त भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसी क्षेत्र में नया नोएडा का साइट ऑफिस स्थापित करने की भी तैयारी है।
इसके अलावा मास्टर प्लान के तहत वर्तमान में 18 मीटर चौड़ी सड़कों को 24 मीटर तक विस्तारित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित गांवों की भूमि लेकर सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा, जिससे भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को आसानी से संभाला जा सके।
NCR News : निवेश और विकास को मिलेगा बढ़ावा
करीब 209 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विकसित होने जा रहे नया नोएडा को प्रदेश का अगला बड़ा औद्योगिक और आवासीय केंद्र बनाने की योजना है। गंगा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलने के बाद यहां निवेशकों की रुचि और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इससे रोजगार, उद्योग और शहरी विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।