राजधानी चौपाल, चंडीगढ़। देशभर के करोड़ों आधार कार्ड धारकों (Aadhar update) के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करवाने के लिए बार-बार आधार केंद्र के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार ऐप में नई सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए लोग अपने मोबाइल फोन से ही आधार में नया नंबर अपडेट कर सकेंगे। हालांकि, इस सुविधा का लाभ फिलहाल केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा, जिनका पुराना मोबाइल नंबर पहले से आधार कार्ड से लिंक है।
नई व्यवस्था के तहत सबसे पहले उपयोगकर्ताओं को अपने स्मार्टफोन में आधार ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप इंस्टॉल करने के बाद आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद आधार से जुड़े पुराने मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा, जिसकी मदद से पहचान का सत्यापन किया जाएगा।
Aadhar update : ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद होगी फेस अथाँटिकेशन
ओटीपी सत्यापन पूरा होने के बाद उपयोगकर्ता को फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और सुरक्षा के लिए एक पिन बनाना होगा। डाक विभाग में कार्यरत आधार ऑपरेटर दीपक के अनुसार, जिले में 40 से अधिक आधार केंद्र संचालित हैं, लेकिन अब इस नई सुविधा के शुरू होने से लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए आधार केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
पंजीकरण पूरा होने के बाद उपयोगकर्ता को ऐप के सर्विस सेक्शन में जाकर "मोबाइल नंबर अपडेट" विकल्प चुनना होगा। मोबाइल नंबर बदलने की प्रक्रिया में सबसे पहले पुराने नंबर पर भेजे गए ओटीपी के माध्यम से पहचान की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।
नए नंबर पर प्राप्त ओटीपी को दर्ज कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अंतिम चरण में फेस ऑथेंटिकेशन करने के बाद ऑनलाइन माध्यम से 75 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। पूरी प्रक्रिया पूरी होने में लगभग पांच मिनट का समय लगेगा। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद सामान्य तौर पर 24 घंटे के भीतर नया मोबाइल नंबर आधार रिकॉर्ड में अपडेट हो जाएगा।
Aadhar update : पहले केवल एड्रेस ही होता था अपडेट
गौरतलब है कि इससे पहले आधार ऐप के माध्यम से केवल पता अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध थी। मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए लोगों को आधार केंद्र जाकर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना अनिवार्य था। अब यूआईडीएआई ने मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा को भी ऐप में शामिल कर दिया है।
मुख्य डाकघर पानीपत के पोस्ट मास्टर संदीप धीमान के अनुसार, यह सुविधा उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, जिनका पुराना मोबाइल नंबर अभी भी आधार से जुड़ा हुआ है। इससे लोगों का समय बचेगा और आधार केंद्रों पर भीड़ भी कम होगी।