राजधानी चौपाल, जींद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन (Hydrogen train update) का उद्घाटन करने के लिए सुबह 10 बजे जींद पहुंच जाएंगे। पहले रेलवे जंक्शन पर जाकर हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना करेंगे। उसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली स्थल को लेकर बार-बार बदलाव हो रहा है। सबसे पहले हुडा ग्राउंड में रैली करने पर चर्चा की गई। उसके बाद नए बस स्टैंड के सामने जहां करीब 70 एकड़ जमीन है, वहां रैली स्थल बनाने का फैसला किया गया।
बुधवार को मुख्यमंत्री के दौरे से भाजपा नेताओं ने यहां का जायजा लिया, तो वर्षा के चलते दलदल की स्थिति बन गई। जिसके बाद एकलव्य स्टेडियम में रैली करने का फैसला किया गया। एकलव्य स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बन रहा है। रैली के चलते निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक को कोई नुकसान ना हो, इसलिए बुधवार रात को एकलव्य स्टेडियम की बजाय उसके सामने खाली पड़े हुडा ग्राउंड में रैली करने पर सहमति बनाई गई।
Hydrogen train update : 10 एकड़ में लगाया जा रहा टेंट
यहां 10 एकड़ से ज्यादा जगह में टेंट लगाने का काम शुरू हो गया है। ग्राउंड को समतल करने के लिए छह जेसीबी लगी हुई हैं। इसके अलावा 20 ट्रक में टेंट, मेट, एग्जास्ट फेन सहित अन्य सामान आया है। रैली में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उसी को लेकर मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी व प्रशासन लगातार तैयारियों में लगे हुए हैं। वहीं रैली में इमरजेंसी सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग को पिछले दिनों मिली पांच नई एएलएस एंबुलेंस को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की ओर से पासिंग मिल गई है।
एडवांस्ड लाइफ स्पोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस सामान्य एंबुलेंस से काफी उन्नत हैं। इनमें गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं। एएलएस एंबुलेंसों में कार्डियक मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर, वेंटिलेटर, आक्सीजन स्पोर्ट, इन्फ्यूजन पंप, स्पाइन बोर्ड, स्ट्रेचर और अन्य जरूरी इमरजेंसी उपकरण लगे होते हैं।
इनमें प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ भी तैनात रहता है जो रास्ते में ही मरीज को प्राथमिक उपचार मुहैया करा सकता है। इससे गंभीर हृदयाघात, सांस की तकलीफ दुर्घटना और अन्य इमरजेंसी मामलों में मरीज की जान बचाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। एएलएस एंबुलेंस संचालित होने से जिले के दूर दराज के क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को बेहतर और समय पर इमरजेंसी सेवाएं मिल जाती हैं।
Hydrogen train update : रोडवेज कर्मचारियों के अवकाश हुए रद
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को मध्य नजर रखते हुए जिला प्रशासन ने निर्देश पर रोडवेज कर्मचारियों के अवकाश रद कर दिए गए हैं। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन ने पत्र जारी कर कहा कि कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए आगामी निर्देशों तक रोडवेज जींद डिपो के अधिकारी व कर्मचारियों के अवकाश रद किए जाते हैं। केवल चिकित्सीय आपातकाल की स्थिति में सिविल सर्जन से चिकित्सा प्रमाण-पत्र प्राप्त करने पर ही सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति उपरांत अवकाश स्वीकृत किया जाएगा।
यहां देखें पूरी वीडियो : https://www.youtube.com/watch?v=Jg_lwifEwFY
इसके अतिरिक्त यह भी निर्देश दिए जाते हैं कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपना मोबाइल भी आन रखना सुनिश्चित करेंगे। अधोहस्ताक्षरी की अनुमति के बगैर अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेगे। किन्ही अपरिहार्य कारणों से अवकाश लेने के लिए अधोहस्ताक्षरी की लिखित में अनुमति लेना सुनिश्चित करेंगे।
Hydrogen train update : रोहतक रूट पर जाने वाली बसों के लिए हटाए बैरिकेड
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर के अंदर से हांसी, असंध व नरवाना रूट पर चलने वाली बसों का संचालन 17 जुलाई तक बंद कर दिया गया है। रोडवेज वर्कशाप से आगे हाईवे पर लगे बैरिकेड्स हटा दिए गए हैं, ताकि रोहतक रूट पर जाने वाली बसों काे सफीदों रोड पुल के नीचे से होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़े। अब रोहतक रूट पर जाने वाली बसें हटाए गए बैरिकेड के रास्ते से हाईवे से होते हुए निर्धारित स्थान की ओर निकल जाती हैं।