राजधानी चौपाल, हिसार। हरियाणा के हिसार से बड़ी खबर सामने आई है। हिसार में पुलिस ने सोमवार को दो होटलों पर एक साथ छापेमारी कर कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने 18 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि होटल संचालक और प्रबंधन से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामले में इमोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता मदनलाल के अनुसार, डीएसपी वुमेन सेफ्टी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सैनी विद्युत नगर के पास स्थित होटल बलिश और एटू जेड होटल में एक साथ दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही एक होटल का मैनेजर कथित तौर पर काउंटर छोड़कर भागने लगा, जिसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने दोनों होटलों के कमरों की तलाशी ली और जांच के दौरान एंट्री रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य अपने कब्जे में लिए। इन साक्ष्यों के आधार पर होटल संचालन और वहां होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
18 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू
छापेमारी के दौरान होटल से 18 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस का कहना है कि उनका प्राथमिक उद्देश्य संभावित पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यह पता लगाना है कि कहीं वे किसी दबाव, धोखे या मानव तस्करी का शिकार तो नहीं थीं। सभी से नियमानुसार पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों के दावों की भी जांच
होटलों के आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने दावा किया कि यहां लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय लोगों के दावों का भी सत्यापन किया जा रहा है और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा।
होटल संचालकों के लिए पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने जिले के सभी होटल, गेस्ट हाउस, रिसॉर्ट और लॉज संचालकों को निर्देश दोहराए हैं कि प्रत्येक ग्राहक की वैध पहचान दर्ज करना और रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि किसी बड़े नेटवर्क या मानव तस्करी से जुड़े लिंक सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।