राजधानी चौपाल, चंडीगढ़/नारायणगढ़, 1 जुलाई । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को (Haryana news) अंबाला जिले के नारायणगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य और जल संरक्षण से जुड़ी बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया। इनमें 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर तथा 114 करोड़ रुपये की लागत वाली सात प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसी अवसर पर प्रदेशभर के लिए 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस भी जनता को समर्पित की गईं।
स्वस्थ और विकसित हरियाणा की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, समृद्ध और विकसित हरियाणा के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र को राज्य सरकार ने धरातल पर उतारने का कार्य किया है।
डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य कर्मियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने डॉक्टर्स डे के अवसर पर प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महान चिकित्सक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ. बिधान चंद्र राय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका यह संदेश आज भी प्रासंगिक है कि "स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं।"
नारायणगढ़ में 858 करोड़ रुपये के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले लगभग साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। इनमें यमुनानगर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग, महिला महाविद्यालय, फोरलेन सड़क, आधुनिक खेल स्टेडियम, सीएचसी और पीएचसी भवनों सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
50 बेड के नए अस्पताल ब्लॉक का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से बने 50 बेड के नए अस्पताल ब्लॉक का उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल की क्षमता बढ़कर 100 बेड हो गई है। इसके अलावा करीब 50 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भी शुभारंभ किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
13 करोड़ रुपये से बनेगा उद्यान अनुसंधान केंद्र, आईएमटी की भी सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि चाणसौली में 13 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय, करनाल का क्षेत्रीय उद्यान अनुसंधान केंद्र स्थापित किया गया है। वहीं, वर्तमान बजट में नारायणगढ़ के लिए नए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की घोषणा की गई है। साथ ही प्रदेश में प्रस्तावित 10 नए आईएमटी में आईएमटी अंबाला-नारायणगढ़ भी शामिल है।
70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस होंगी 112 सेवा से जुड़ी
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि प्रदेश को समर्पित की गई 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस अलग-अलग जिलों में तैनात की जाएंगी और इन्हें डायल-112 आपातकालीन सेवा से जोड़ा जाएगा। इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ब्लॉक स्तर पर नई पहल शुरू की गई है तथा शैक्षणिक संस्थानों में काउंसलर की रोटेशन आधारित व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके अतिरिक्त सीएसआर फंड से लगभग 20 करोड़ रुपये की आधुनिक चिकित्सा मशीनें और उपकरण भी स्वास्थ्य संस्थानों को उपलब्ध कराए गए हैं।
महिलाओं, किसानों और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने चुनावी संकल्पों को लगातार पूरा कर रही है। अब तक 217 वादों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत करीब 10 लाख महिलाओं को हर माह 2,100 रुपये की सहायता दी जा रही है और अब तक 1,415 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।इसके अलावा 500 रुपये में गैस सिलेंडर योजना के तहत 14.42 लाख परिवारों को 282 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
किसानों को MSP, बीमा और प्राकृतिक खेती पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य है जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1.80 लाख करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में फसल खराबे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 16,530 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। नकली खाद, बीज और कीटनाशकों के खिलाफ सख्त कानून बनाकर 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की भी अपील की और सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी तथा प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी साझा की।
डिजिटल सेवाओं और आवास योजनाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भूमि एवं संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस कर दी गई है। वहीं पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख मकान दिए जा चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा और प्रदेश के सभी जिलों में कैंसर उपचार सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
1.83 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में प्रदेश के 1.83 लाख युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वर्तमान में पुलिस भर्ती प्रक्रिया जारी है और आने वाले समय में विभिन्न विभागों में भी बड़े स्तर पर भर्तियां की जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार केवल उपचार सुविधाएं बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि रोगों की समय पर पहचान और रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार मजबूत किए जाने पर आभार व्यक्त किया।
विधायक शैली चौधरी ने विकास कार्यों को बताया ऐतिहासिक
नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ आईएमटी परियोजना जैसी बड़ी सौगातें क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की जनता को विकास योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री असीम गोयल, भाजपा नेता बंतो कटारिया, पूर्व विधायक पवन सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।