राजधानी चौपाल, नई दिल्ली। हरियाणवी मनोरंजन जगत की चर्चित कलाकार सपना चौधरी की वैवाहिक जिंदगी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। सपना ने अपने पति और हरियाणवी कलाकार वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला अदालत का रुख किया है। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने फिलहाल सपना को राहत प्रदान की है।
कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क करने, उनके निवास या कार्यस्थल पर जाने तथा किसी भी तरह से परेशान करने से रोक दिया है। मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निर्धारित की गई है।
अदालत में पेश किए गए इलेक्ट्रॉनिक सबूत
सपना चौधरी की ओर से दायर याचिका में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उनके वकील ने अदालत के समक्ष वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। याचिका में दावा किया गया है कि वैवाहिक जीवन के दौरान सपना को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें ससुराल छोड़ना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सपना फिलहाल दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र स्थित अपने पैतृक घर में रह रही हैं।
फिल्म रिलीज से पहले सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
अदालत में सपना की ओर से पेश अधिवक्ता ने बताया कि उनकी आगामी फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द रिलीज होने वाली है और उससे जुड़े कई सार्वजनिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में आशंका जताई गई कि विवाद के चलते किसी कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हो सकता है, जिससे अभिनेत्री की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
इसी आधार पर अदालत से सुरक्षा संबंधी राहत की मांग की गई थी।
कोर्ट ने जारी किए सख्त निर्देश
मामले की सुनवाई कर रही न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आदेश दिया है कि वीर साहू किसी भी माध्यम—फोन, संदेश, सोशल मीडिया या अन्य तरीके से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। साथ ही उन्हें अभिनेत्री के घर, कार्यस्थल या आसपास के क्षेत्रों में जाने से भी प्रतिबंधित किया गया है। अदालत ने संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को भी आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
हरियाणा की लोकप्रिय कलाकार सपना चौधरी को देशभर में "देसी क्वीन" के नाम से पहचान मिली हुई है। कम उम्र में ही पिता के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और स्टेज परफॉर्मेंस के जरिए अपने करियर की शुरुआत की।
रागनी और हरियाणवी स्टेज कार्यक्रमों से लोकप्रिय हुई सपना ने बाद में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कई सुपरहिट गानों में प्रदर्शन करने के साथ-साथ दो दर्जन के करीब गीतों को अपनी आवाज भी दी है।
बिग बॉस से मिली राष्ट्रीय पहचान
साल 2017 में रियलिटी शो बिग बॉस 11 में भाग लेने के बाद सपना चौधरी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हुईं। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा और कई फिल्मों व म्यूजिक प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनीं।
2020 में हुई थी शादी
सपना चौधरी और हिसार जिले के मदनहेड़ी गांव निवासी हरियाणवी गायक एवं अभिनेता वीर साहू ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी काफी समय तक निजी रखी गई थी। दंपती के दो बेटे हैं। हालांकि अब दोनों के रिश्तों में आई खटास कानूनी लड़ाई तक पहुंच गई है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।