राजधानी चौपाल, मुंबई। सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' को लेकर लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं। फिल्म के सीक्वल का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अब एक बड़ी अपडेट सामने आई है। चर्चा है कि फिल्म में विशेष भूमिका के लिए पहले जिस नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, उसकी जगह अब बॉलीवुड के एक बड़े स्टार की एंट्री होने वाली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले फिल्म में शाहरुख खान के कैमियो करने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि अभिनेता अपनी आगामी फिल्म 'किंग' और अन्य प्रोजेक्ट्स में व्यस्त होने के कारण इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन पाए। इसके बाद मेकर्स ने कथित तौर पर ऋतिक रोशन से संपर्क किया और अब उन्हें इस खास भूमिका के लिए फाइनल किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं।
कहानी में अहम मोड़ पर दिखेंगे ऋतिक
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऋतिक रोशन फिल्म में केवल कुछ मिनटों के लिए नहीं, बल्कि एक विस्तारित कैमियो रोल में नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनका किरदार कहानी के महत्वपूर्ण मोड़ पर प्रवेश करेगा और रजनीकांत के किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन की यात्रा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
जून के आखिर में शुरू हो सकती है शूटिंग
सूत्रों के अनुसार, अभिनेता जून के तीसरे सप्ताह में फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। इसके लिए मेकर्स विशेष तैयारी कर रहे हैं और ऋतिक के किरदार के लिए एक अलग लुक डिजाइन किया जा रहा है। शूटिंग से पहले उनके कई लुक टेस्ट भी किए जाने की संभावना है।
40 साल बाद फिर साथ दिख सकते हैं दोनों सितारे
फिल्मी दुनिया के जानकारों का मानना है कि यदि यह कास्टिंग फाइनल होती है तो यह दर्शकों के लिए बेहद खास पल होगा। ऋतिक रोशन ने अपने बचपन में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म 'भगवान दादा' में रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर की थी। ऐसे में करीब चार दशक बाद दोनों कलाकारों को एक साथ देखने का मौका मिल सकता है।
फैंस की बढ़ी उत्सुकता
'जेलर' की जबरदस्त सफलता के बाद उसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में पहले से ही भारी उत्साह है। अब ऋतिक रोशन की संभावित एंट्री की खबरों ने फिल्म को लेकर चर्चाओं का बाजार और गर्म कर दिया है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक इस कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।