राजधानी चौपाल, मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) की चोट को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान लगी हैमिस्ट्रिंग चोट के कारण कोहली की मैदान पर वापसी उम्मीद से ज्यादा देर से हो सकती है। ऐसे में उनके आगामी अफगानिस्तान वनडे सीरीज के साथ-साथ इंग्लैंड दौरे से भी बाहर रहने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कोहली को आईपीएल फाइनल मुकाबले के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव महसूस हुआ था। हालांकि उन्होंने दर्द के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और शानदार नाबाद 75 रन बनाकर अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। लेकिन इसके बाद हुई मेडिकल जांच में चोट को हल्के में नहीं लिया जा रहा है।
Virat Kohli : रिकवरी में लग सकते हैं छह सप्ताह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोहली की स्कैन रिपोर्ट पूरी तरह संतोषजनक नहीं रही है। डॉक्टरों का मानना है कि उन्हें पूरी तरह फिट होने में करीब छह सप्ताह का समय लग सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल सर्जरी की जरूरत नहीं बताई गई है। फिटनेस हासिल करने के लिए उन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विशेष रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम से गुजरना पड़ सकता है।
यदि रिकवरी में अपेक्षा से अधिक समय लगता है तो 13 जून से शुरू होने वाली अफगानिस्तान वनडे सीरीज में उनका खेलना लगभग मुश्किल माना जा रहा है। वहीं जुलाई में प्रस्तावित इंग्लैंड सीरीज में भी उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Virat Kohli : इंग्लैंड दौरे पर भी संशय
भारत और England के बीच वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होनी है। सीरीज में अभी कुछ समय बाकी है, लेकिन कोहली की चोट की गंभीरता को देखते हुए चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की नजर उनकी रिकवरी प्रक्रिया पर बनी हुई है। अंतिम फैसला मेडिकल टीम की रिपोर्ट और फिटनेस टेस्ट के आधार पर लिया जाएगा।
Virat Kohli : रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी नजर
केवल कोहली ही नहीं, भारतीय कप्तान Rohit Sharma भी फिटनेस संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्हें आईपीएल 2026 के दौरान हैमिस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसके चलते वे कई मुकाबलों से बाहर रहे थे। बाद में उन्होंने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में वापसी की, लेकिन अफगानिस्तान सीरीज में उनकी भागीदारी भी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।
टीम इंडिया के दो सबसे अनुभवी बल्लेबाजों की चोट ने आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले चयनकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें अब दोनों खिलाड़ियों की मेडिकल अपडेट और वापसी की संभावित तारीख पर टिकी हुई हैं।